Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश प्राप्त नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए दीक्षांत एवं इंडक्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य जाजकेट वार्ड श्रीपाल सजवाण विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान गैरसारी विजय सिंह भंडारी तथा राजकीय इंटर कॉलेज जाजल के प्रधानाचार्य प्रमोद नौटियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.सीमा पांडे विभागाध्यक्ष समाजशास्त्र ने किया। कार्यक्रम में डॉ.सीमा पांडे ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की प्रमुख विशेषताओं एवं इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान विभागाध्यक्ष इतिहास ने क्रॉस युवा इकाई तथा महिला उत्पीड़न निवारण समिति के प्रमुख कार्यों एवं महत्वपूर्ण जानकारियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। डॉ.संगीता विभागाध्यक्ष इतिहासशास्त्र ने कैरियर काउंसलिंग एवं ‘स्क्रूट एंड स्क्रूट’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया। डॉ.मीना विभागाध्यक्ष हिंदी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना नोडल अधिकारी ने एनएसएस तथा एनएमएमएस से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी। डॉ.शैलेन्द्र विभागाध्यक्ष अर्थशास्त्र ने मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना एवं अन्य छात्रवृत्तियों के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं डॉ. मोनिका विभागाध्यक्ष अंग्रेजी ने ओजीजीपी काश्त स्किल कोर्स एससीईएलटीई डेवलेपमेंट तथा अन्य कार्यक्रमों के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण स्वच्छता और पर्यावरणीय जागरूकता के विषय में जानकारी दी। महाविद्यालय की पुस्तकालयाध्यक्ष ममता चौहान ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय में उपलब्ध विभिन्न विषयों की पुस्तकों लाइब्रेरी कार्ड पुस्तकालय नियमों तथा ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध ई-बुक्स एवं डिजिटल पोर्टल जैसी सुविधाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ.अजीत सिंह विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान एवं शास्ता मंडल समिति प्रभारी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय द्वारा संचालित आचार-संहिता अनुशासन महाविद्यालय यूनिफॉर्म 75 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता तथा ई-सेल की उपयोगिता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.अरुण कुमार सिंह ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि एक दिन विद्यार्थी इसी प्रकार इस महाविद्यालय से विदा होकर अपने करियर एवं जीवन में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक दायित्व के साथ-साथ उनके शैक्षणिक व्यक्तिगत तथा आर्थिक विकास में हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने महाविद्यालय में चल रही रोजगारपरक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि श्रीपाल सजवाण ने महाविद्यालय को अपना परिवार बताते हुए भविष्य में हर प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम लगन एवं विनम्रता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में जो भी विद्यार्थी अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करेंगे उन्हें महाविद्यालय परिवार गर्व के साथ याद करेगा। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज जाजल के विद्यार्थियों का भी महाविद्यालय खाड़ी में प्रवेश लेकर अपनी नई यात्रा की शुरुआत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ.अजीत सिंह ने सभी अतिथियों शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *