प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय नई टिहरी में पूर्व सैनिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक अधिकारी सूबेदार मेजर ऑनरी कैप्टन बलवंत सिंह रावत ने उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। गोष्ठी के दौरान 14 अगस्त 1947 की विभाजन की त्रासदी एवं उस दौरान हुई जनहानि के संबंध में जानकारी साझा की गई। वर्ष 1947 की विभाजन विभीषिका में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कैप्टन रमेश रतूड़ी कैप्टन भगवान सिंह कैप्टन धन सिंह नेगी सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने अपने अनुभव एवं संस्मरण साझा किए। उन्होंने देश की स्वतंत्रता राष्ट्र सेवा तथा उस दौर से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए युवा पीढ़ी को देशभक्ति और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रशासनिक अधिकारी जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय टिहरी गढ़वाल मकानी भंडारी ने सभी उपस्थित पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पूर्व सूबेदार भगवान सिंह सूबेदार दिनेश सिंह हवलदार वीरेंद्र सिंह हवलदार बलवीर चंद सूबेदार रकम सिंह बिष्ट केसर सिंह कैन्तुरा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
