प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर पौड़ी पुलिस द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं राष्ट्रनायकों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए जनपद के विभिन्न पुलिस परिसरों में राष्ट्रीय पर्व गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस दौरान पुलिस कार्मिकों ने देश की एकता अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करते हुए कर्तव्यनिष्ठा साहस और ईमानदारी के साथ राष्ट्रसेवा के पथ पर सदैव अग्रसर रहने का संकल्प लिया। रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अदम्य साहस एवं बलिदान को स्मरण किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है जिसकी रक्षा करना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने पुलिस कार्मिकों को राष्ट्र की एकता अखंडता एवं संप्रभुता को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठा निष्पक्षता संवेदनशीलता एवं साहस के साथ निर्वहन करने तथा समाज में शांति सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर समर्पित रहने हेतु प्रेरित किया। इसी क्रम में गढ़वाल परिक्षेत्र कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस उपाधीक्षक पौड़ी तपेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण किया गया। जनपद के सभी थाना चौकी एवं फायर स्टेशनों में भी प्रभारियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराया गया। इस दौरान पुलिस कार्मिकों ने राष्ट्र की एकता अखंडता एवं शांति को अक्षुण्ण बनाए रखने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
