Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चमोली पुलिस द्वारा जनपदभर में हर्षोल्लास गौरव एवं देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। भारी बारिश के बीच भी पुलिस कर्मियों का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा कम नहीं हुआ तथा पूरे जनपद में सम्मान एवं गरिमा के साथ राष्ट्रध्वज फहराया गया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित हुआ जहां पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने राष्ट्रध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राष्ट्रध्वज फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रगान की गूंज से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि सभी का कर्तव्य है कि देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखते हुए अपने दायित्वों का पूर्ण ईमानदारी सत्यनिष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें ताकि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित एवं निडर वातावरण में अपने सपनों को साकार कर सके। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न पदक एवं सम्मान प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम मंच से पुकारकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विशिष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क-सिल्वर पदक के लिए नामित कांस्टेबल प्रदीप रावत को पुलिस अधीक्षक चमोली ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पदक प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ के शुभ अवसर पर प्रदान किए जाने वाले विशेष रजत जयंती पदक सभी पुलिस कर्मियों को पहनाकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित पुलिस कर्मियों के उत्कृष्ट कार्य कर्तव्यनिष्ठा एवं विभाग के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। इसके बाद उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गईं। इसी क्रम में पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा राष्ट्रध्वज फहराया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा मिष्ठान वितरित किया। जनपद के सभी थानों चौकियों एवं फायर स्टेशनों में भी प्रभारियों द्वारा सम्मानपूर्वक राष्ट्रध्वज फहराया गया। भारी बारिश और खराब मौसम के बावजूद पुलिस कर्मियों ने पूरे उत्साह एवं सम्मान के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया तथा राष्ट्र की एकता अखंडता एवं गौरव को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। देशभक्ति के वातावरण में मिष्ठान वितरण कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *