प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। रविवार को भागीरथी कला संगम सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्रीनगर की ओर से रतूड़ा बैंड-बुघानी रोड पर गहन स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्था के सदस्यों ने सड़क के मोड़ पर उगी झाड़ियों और जमा कूड़े-कचरे की सफाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने का प्रयास किया। रतूड़ा बैंड-बुघानी रोड के मोड़ पर काफी झाड़ियां उग आई थीं जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। साथ ही झाड़ियों के कारण जंगली जानवरों का भय भी बना रहता था। संस्था के सदस्यों ने मेहनत कर झाड़ियों को काटकर सड़क के आसपास की सफाई की। इसके अलावा सड़क पर चीड़ के पेड़ों की घास और अन्य सामग्री बिखरी हुई थी जिससे विशेष रूप से दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ था। सदस्यों ने पूरे मोड़ की सफाई कर सड़क को काफी हद तक साफ और सुरक्षित बनाया। स्वच्छता अभियान के दौरान संस्था के सदस्यों का जज्बा और हौसला देखते ही बना। भागीरथी कला संगम का मुख्य उद्देश्य समाज को स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है। संस्था का मानना है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के छोटे-छोटे प्रयासों से ही स्वच्छ और बेहतर वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने अभियान में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सदस्यों का यह सहयोग अप्रत्यक्ष रूप से देश के विकास में योगदान है। देश की प्रगति केवल बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए किए जाने वाले छोटे-छोटे कार्यों से भी होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह विचार करना चाहिए कि उसने अपने देश और समाज के विकास में क्या योगदान दिया है। देश के लिए किसी भी रूप में किया गया योगदान महत्वपूर्ण है। संस्था की ओर से स्वच्छता अभियान में शामिल सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया गया। इस मौके पर समिति के संरक्षक रमेश चंद्र थपलियाल संरक्षक राजेंद्र सिंह रावत कोषाध्यक्ष हरिंदर तोमर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
