प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचकर हाट-सियासैण मायापुर पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे में घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मंत्री मदन कौशिक ने चिकित्सकों से भी घायल श्रमिकों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल गोपेश्वर में वर्तमान में 11 श्रमिक उपचाराधीन हैं। सभी घायल श्रमिकों को चिकित्सकों की निरंतर निगरानी में रखा गया है और उन्हें बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सभी घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। चिकित्सकों द्वारा घायल श्रमिकों के उपचार और स्वास्थ्य की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने चिकित्सकों को आवश्यकतानुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। मदन कौशिक ने कहा कि सरकार श्रमिकों के स्वास्थ्य और उनके उपचार को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। प्रत्येक घायल श्रमिक को आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायल श्रमिकों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी जिलाधिकारी गौरव कुमार पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
