प्रदीप कुमार
मुनिकीरेती-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। लगातार हो रही वर्षा के कारण मुनिकीरेती क्षेत्र में खारा स्रोत के पास बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया। नाले में तेज जलप्रवाह को देखते हुए मौके पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए आसपास मौजूद लोगों को अलर्ट किया। एसडीआरएफ जवानों द्वारा लाउडहेलर एवं मौखिक रूप से लोगों को नाले के समीप नहीं जाने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए लगातार चेतावनी दी जा रही है। टीम क्षेत्र में निगरानी बनाए रखते हुए स्थानीय लोगों एवं अन्य व्यक्तियों को बरसाती नाले के तेज बहाव से होने वाले संभावित खतरे के प्रति जागरूक कर रही है। इसी दौरान कुछ व्यक्ति बरसाती नाले के समीप फंस गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों एवं एसडीआरएफ टीम ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। एसडीआरएफ टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है तथा स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने सुरक्षित स्थानों पर रहने और आवश्यक सावधानी बरतते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
