Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक शैक्षणिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों का विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर प्रकाश सिंह ने अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं शिक्षकों एवं कर्मचारियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय में महिला एवं पुरुष वर्गों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें वॉलीबॉल एवं रस्साकशी प्रतियोगिताएं महिला एवं पुरुष वर्ग में आयोजित की गईं। इसके अलावा रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतियोगिताओं के तहत ड्राइंग-पेंटिंग रंगोली एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा बौद्धिक गतिविधियों के अंतर्गत क्विज यानी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेताओं ने कुलपति के हाथों अपने पुरस्कार ग्रहण किए।
प्रातःकालीन स्वच्छता अभियान
समापन समारोह से पूर्व प्रातः प्रशासनिक भवन के सम्मुख स्थापित स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की प्रतिमा एवं आसपास के परिसर की गहन साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही बिड़ला परिसर स्थित स्वर्गीय मौलाराम की प्रतिमा एवं स्मारक स्थल पर भी स्वच्छता अभियान चलाकर रख-रखाव किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रोफेसर प्रकाश सिंह ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में इस राष्ट्रीय अभियान का इतना अनुशासित और भव्य आयोजन अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने नोडल अधिकारी और उनकी पूरी टीम को सफल संयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और कर्मचारियों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ आपसी सामंजस्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी प्रोफेसर महावीर सिंह नेगी ने अपने संबोधन में अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए कुलपति कुलसचिव समस्त प्रशासनिक अधिकारियों शिक्षकों कर्मचारियों छात्र-छात्राओं एवं आयोजन समिति का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से मास कम्यूनिकेशन विभाग के छात्र-छात्राओं का धन्यवाद किया जिन्होंने संपूर्ण कार्यक्रम की बेहतरीन फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी का कार्य संभाला।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के परिणाम
‘हर घर तिरंगा’ अभियान 2026 के तहत आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग में रजिस्ट्रार 11 ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि विश्वविद्यालय शिक्षक टीम उपविजेता रही। पुरुष छात्र वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग बीपीएड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और विज्ञान संकाय ने द्वितीय स्थान हासिल किया। महिला छात्र वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग प्रथम स्थान पर रहा जबकि विज्ञान संकाय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
रस्साकशी प्रतियोगिता के परिणाम
रस्साकशी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि एनसीसी पुरुष टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और एनसीसी महिला टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
रंगोली प्रतियोगिता के परिणाम
रंगोली प्रतियोगिता में बिलाल ने प्रथम किरण ने द्वितीय और आकांक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के परिणाम
ड्राइंग एवं पेंटिंग के अंतर्गत आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में वैष्णवी ने प्रथम प्राची ने द्वितीय और आयुष सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्विज प्रतियोगिता के परिणाम
क्विज यानी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आलोक कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मो.आतिफ खान ने द्वितीय तथा सुनिधि सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्यों सहित विश्वविद्यालय के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से डॉ.राकेश नेगी डॉ.सुरेंद्र कुंवर डॉ.कोशल डॉ.राजेश जोशी डॉ.आशुतोष बहुगुणा डॉ.मोहित बिष्ट डॉ.गांधी चौहान तथा छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट उपाध्यक्ष शिवांग नौटियाल महासचिव अनिरुद्ध पुरोहित एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *