प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हित में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं किट वितरण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को शासन एवं बोर्ड द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। जनपद टिहरी गढ़वाल में श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार श्रमिकों को स्वास्थ्य/हाइजीन किट पोषण किट एवं शिक्षण किट वितरित की जा रही हैं। श्रम प्रवर्तन अधिकारी आइशा ने बताया कि नगर क्षेत्र में 17 अगस्त को नगरपालिका के वार्ड 01 से 06 तक पंजीकृत श्रमिकों को किट वितरित की गई है जबकि 18 अगस्त को नगर पालिका हॉल बौराड़ी में वार्ड 07,08,09,10 एवं 11 में किट वितरण किया जाएगा। इसी क्रम में विकासखंड चंबा में भी न्याय पंचायतवार किट वितरण का रोस्टर निर्धारित किया गया है। 19 अगस्त को पागरखाल के पंचायत भवन 20 अगस्त को डडूर के धारकोट पंचायत भवन 21 अगस्त को जगधार के बादशाहीथौल पंचायत भवन 22 अगस्त को नकोट पंचायत भवन 24 अगस्त को विरोगी के गौंसारी बारातघर, 25 अगस्त को पलास पंचायत भवन 26 अगस्त को दिखोलगांव पंचायत भवन 27 अगस्त को देवरी पंचायत भवन तथा 29 अगस्त को चोपड़ियाल गांव पंचायत भवन में किट वितरण किया जाएगा। श्रम प्रवर्तन अधिकारी आइशा ने बताया कि बोर्ड द्वारा पंजीकृत श्रमिकों को तीन प्रकार की किट उपलब्ध कराई जा रही हैं जिनमें हाइजीन किट पोषण किट एवं शिक्षण किट शामिल हैं। शिक्षण किट केवल ऐसे पंजीकृत श्रमिकों को दी जाएगी जिनके बच्चों की आयु 18 वर्ष से कम है। यह सुविधा अधिकतम दो बच्चों के लिए अनुमन्य होगी। उन्होंने बताया कि किट वितरण के साथ-साथ श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए प्रत्येक वितरण दिवस पर चिकित्सा जांच वाहन मौके पर उपलब्ध रहेगा जिसमें पंजीकृत श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। श्रम प्रवर्तन अधिकारी आइशा ने श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।
