Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। धर्मनगरी हरिद्वार में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन के ‘स्वच्छ हरिद्वार सुंदर हरिद्वार’ के आह्वान पर स्वच्छता अभियान को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता की कमान संभालते हुए वृहद सफाई अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स के बॉयज एवं गर्ल्स प्लाटून ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कैडेट्स ने सिंह द्वार से प्रेम नगर आश्रम चौक सतनाम साक्षी घाट एवं अग्रसेन घाट तक कांवड़ पटरी के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के चलते मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में जमा हुए कूड़े-कचरे को हटाने के लिए कैडेट्स ने पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य किया। इस दौरान भारी मात्रा में बिखरी प्लास्टिक की पन्नियां पॉलिथीन रैपर कपड़े जूते-चप्पल एवं अन्य कचरा एकत्र किया गया तथा उसे सुरक्षित निस्तारण के लिए संबंधित व्यवस्था को सौंपा गया। एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और सेवा भावना के साथ अभियान में प्रतिभाग करते हुए आमजन को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। युवाओं के इस प्रयास से स्थानीय निवासियों एवं राहगीरों को भी स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश मिला। अभियान के दौरान शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट ने एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। वहीं ग्राउंड पर एनसीसी प्रशिक्षक आशीष राजपूत एवं मनोज कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स ने पूरी एकजुटता अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ स्वच्छता अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया। जिला प्रशासन ने कांवड़ मेले के बाद स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने पर विद्यालय प्रबंधन एनसीसी प्रशिक्षकों एवं सभी कैडेट्स की सराहना की। प्रशासन ने कहा कि ‘स्वच्छ हरिद्वार सुंदर हरिद्वार’ के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *