प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों एवं आमजन की 106 समस्याएं एवं शिकायतें सुनी गईं। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों के मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए और अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो समस्याएं तत्काल निस्तारित नहीं हो सकती हैं उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वास्तविक शिकायतों का 15 दिन के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कार्यालय में बैठकर नहीं किया जा सकता। अधिकारी गांवों और फील्ड में अपने भ्रमण बढ़ाएं तथा जिस स्थान से शिकायत प्राप्त हुई है वहां जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को सुनना जितना जरूरी है उनका समाधान करना भी उतना ही जरूरी है। जनता मिलन में ग्राम जस्यारा निवासी सोवती देवी ने विवाह सहायता योजना से संबंधित लंबित प्रकरण की शिकायत रखी। आयुक्त ने श्रम अधिकारी को प्रकरण की जांच कर सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए नियमानुसार अनुदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जस्यारा निवासी रणजीत लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना में आपत्ति से संबंधित शिकायत रखी। शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि वे पैर की बीमारी के उपचाराधीन हैं और आयुर्वेदिक अस्पताल से उपचार के बावजूद अपेक्षित लाभ नहीं मिला। इस पर आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी को कलेक्ट्रेट में एंबुलेंस बुलाकर शिकायतकर्ता को जिला अस्पताल पहुंचाते हुए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास से संबंधित शिकायत पर उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को जांच कर पात्रता का परीक्षण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रमों के साथ स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएं ताकि अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों को शिकायतों के समाधान के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकें। नैग्वाड़ गोपेश्वर निवासी सच्चिदानंद तिवाड़ी ने अवैध अतिक्रमण हटाने एवं कृषि लीज पट्टा भूमि से संबंधित शिकायत रखी। आयुक्त ने उपजिलाधिकारी को भूमि की पैमाइश कराने तथा तहसीलदार को पट्टे की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सुशीला देवी ने अपने पुत्र के जल मित्र से संबंधित शिकायत रखी। आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी को नियमानुसार प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कुजौ मैकोट निवासी अजय भंडारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। आयुक्त ने मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि पूर्व भू-स्वामी का आधार कार्ड उपलब्ध होने की स्थिति में नियमानुसार जांच कर पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। देवर खडोरा निवासी विजया देवी ने पति द्वारा भरण-पोषण भत्ता नहीं दिए जाने तथा आवास की समस्या से अवगत कराया। आयुक्त ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराते हुए न्यायालय में याचिका दायर कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने तथा समाज कल्याण अधिकारी को नियमानुसार पेंशन स्वीकृत करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान संगठन द्वारा मनरेगा भुगतान विलेज डेवलपमेंट प्लान सहित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सुभाष नगर निवासी अनुसूया प्रसाद ने नाली से दूषित पानी की समस्या रखी। आयुक्त ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान एवं संबंधित अधिशासी अधिकारी को मौके पर सर्वे कर समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। उस्तोली निवासी यदुवीर सिंह रावत ने पंचायत भवन से संबंधित समस्या रखी। आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ब्रह्मसैण निवासी उषा देवी ने भू-धंसाव रोकने के संबंध में शिकायत रखी। इस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग से जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आयुक्त ने कहा कि यदि प्रस्ताव उनके स्तर से स्वीकृत किया जाना है तो आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें धनराशि की स्वीकृति तत्काल प्रदान की जाएगी। जनता मिलन में सरपंच ग्राम सभा विनोद सिंह सहित सत्येंद्र रावत दशरथ सिंह बिष्ट हीमा नेगी रामी देवी रघुवीर सिंह बिष्ट सुरेशी देवी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों को केवल पत्राचार तक सीमित न रखें बल्कि मौके पर जाकर समस्या की वास्तविकता की जांच करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में फील्ड विजिट बढ़ाते हुए ग्रामीणों से सीधा संवाद करें ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी उप वन संरक्षक बद्रीनाथ प्रणाली रमेश उप वन संरक्षक केदारनाथ रजत सुमन अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, अलकेश नौड़ियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।
