प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनपद अंतर्गत मुख्यमंत्री घोषणाओं के संबंध में गतिमान कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में विभिन्न विभागों द्वारा मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि कुछ घोषणाओं के तहत जीओ जारी होने टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी किया जाना शेष है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर फास्टट्रैक मोड में लेते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की वर्तमान स्थिति प्रगति एवं लंबित कार्यवाही की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें ताकि शासन स्तर पर भी घोषणाओं की प्रगति से अवगत कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा जिन प्रकरणों में विभागीय अथवा अन्य स्तर से समन्वय की आवश्यकता है उनका तत्काल निस्तारण किया जाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.पारुल गोयल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.आशीष रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
