प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस लाइन चंबा में सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद की कानून-व्यवस्था अपराध नियंत्रण लंबित विवेचनाओं शिकायतों अभियोगों के निस्तारण तथा विभिन्न पुलिस अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सत्यापन अभियान में अपेक्षित प्रगति न होने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग और अपराध रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं जनपद में सराहनीय कार्य और कांवड़ मेला ड्यूटी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 57 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। गोष्ठी के प्रारंभ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनकी कार्य संबंधी एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सत्यापन अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने वाले थाना प्रभारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग एवं अपराध रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 57 पुलिस कार्मिक सम्मानित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जनपद टिहरी गढ़वाल में सराहनीय उत्कृष्ट एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले तथा कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल 57 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों को समय-समय पर प्रोत्साहित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण एवं उत्कृष्टता के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सभी सम्मानित कार्मिकों को भविष्य में भी ईमानदारी कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। आगामी त्योहारों एवं विभिन्न आयोजनों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संदिग्ध व्यक्तियों बाहरी व्यक्तियों किरायेदारों एवं अन्य संवेदनशील श्रेणियों का प्रभावी एवं निरंतर सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थानों की पहचान करने रात्रि गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नशे के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर उन्होंने मादक पदार्थों की अवैध बिक्री परिवहन एवं तस्करी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत लगातार एवं कठोर कार्रवाई करने तथा नशे के नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान साइबर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई पीड़ितों को शीघ्र राहत तथा प्रभावी विवेचना एवं तकनीकी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को लेकर शराब पीकर वाहन चलाने तेज गति एवं खतरनाक ढंग से वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग एवं निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों के अंतर्गत जनपद में अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और अभियानों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल वरिष्ठ नागरिक पोर्टल सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं जांचों एवं शिकायती प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने तथा न्यायालयों से निर्गत आदेशिकाओं की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनने पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। गोष्ठी के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में जनता का विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने आचरण एवं कार्यशैली से इस विश्वास को और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ आमजन एवं पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मासिक अपराध गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेन्द्र सिंह भंडारी क्षेत्राधिकारी चंबा महेश चंद्र लखेड़ा सहित जनपद मुख्यालय के अधिकारी समस्त थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
