प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सामने आईं। जनसुनवाई में शिकायतकर्ता सरस्वती देवी पत्नी स्वर्गीय जीराज सिंह ग्राम गाजीवाली ने पेंशन संख्या में संशोधन करने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं मास्टर सुभाष चंद्र निवासी मीरपुर मुआजरपुर थाना रानीपुर ने बताया कि उनके मकान के आगे सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने के कारण मार्ग ऊंचा हो गया है, जिससे उनके घर में पानी भर जाता है। उन्होंने इंटरलॉकिंग टाइल्स के दोनों ओर नाली निर्माण कराने की मांग की। वेदपाल पुत्र चरण सिंह ग्राम धारीवाला शाहपुर शीतलाखेड़ा ने मौजा भोगपुर परगना ज्वालापुर में स्थित खसरा नंबर 442/12 पर किसी व्यक्ति द्वारा गंगा की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। उन्होंने अवैध कब्जा हटाने की मांग की। हिमालयन बुक्सा आदिम जनजाति उत्थान समिति ने ग्राम पंचायत लालढांग रसूलपुर मीठीबेरी गेंड़ीखाता समसपुर इंद्रा नगर जसपुर नया गांव आदि क्षेत्रों में कानूनन प्रतिबंधित होने के बावजूद बुक्सा जनजाति की कृषि भूमि को प्रॉपर्टी डीलरों को अवैध रूप से बेचे जाने और भूमि को खुर्द-बुर्द किए जाने की शिकायत की। समिति ने संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। सागर जोशी ग्राम कलालहरी ने ग्राम कटोन्दी मुस्तहकम परगना भगवानपुर तहसील रुड़की स्थित अपनी कृषि भूमि की खसरा-खतौनी की कंप्यूटरीकृत नकल उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने भूमि की नकल की प्रति शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। देवभूमि पूर्व सैनिकों कल्याण समिति ने समिति के लिए मिलन केंद्र हेतु उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं निर्मल दास हीरालाल और अनूप कुमार ने हरकी पैड़ी के निकट भीमगोड़ा रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे पहाड़ी को खोदकर किए जा रहे निर्माण कार्य को रोकने की मांग की। शकूर पुत्र रशीद ग्राम दादूबास मजरा लालवाला ने बताया कि 30 मार्च 2025 को उनके घर में आग लग गई थी जिसके कारण उन्हें जीवनयापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आग से हुई क्षति के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में जनता द्वारा दर्ज कराई जा रही प्रत्येक समस्या का त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जाने वाली समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण के भी दिए निर्देश बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्परता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 537 तथा एल-2 स्तर पर 115 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित पाई गईं। संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आरके सिंह अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता परियोजना निदेशक नलिनीति घिल्डियाल जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत डीपीआरओ मुस्तफा खां अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।
