प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से बामणी गांव के पास खोया एक युवक का मोबाइल फोन महज एक घंटे के भीतर बरामद कर लिया गया। मोबाइल सकुशल वापस मिलने पर युवक ने बद्रीनाथ पुलिस टीम का आभार जताते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। दिनांक 17 अगस्त को बामणी बद्रीनाथ निवासी प्रद्युम्न का वीवो वाई21ई मोबाइल फोन बामणी गांव के पास कहीं खो गया था। काफी तलाश के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर प्रद्युम्न ने कोतवाली श्री बद्रीनाथ पहुंचकर मोबाइल गुम होने के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली श्री बद्रीनाथ में नियुक्त कांस्टेबल गौरव रावत कांस्टेबल जसपाल राणा एवं कांस्टेबल राजेंद्र सिंह ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम की कुशल कार्यप्रणाली और त्वरित प्रयासों के परिणामस्वरूप महज एक घंटे के भीतर खोया हुआ मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया। मोबाइल फोन सकुशल वापस मिलने पर आवेदक प्रद्युम्न ने बद्रीनाथ पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तत्परता की सराहना करते हुए पुलिस टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
