प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत विकासखंड चंबा के गजा क्षेत्र के 32 वरिष्ठ नागरिकों का दल श्री जागेश्वर धाम की तीर्थ यात्रा कर सकुशल वापस लौट आया। बुजुर्ग यात्रियों का दल 14 अगस्त को पवित्र श्री जागेश्वर धाम की यात्रा के लिए रवाना हुआ था और मंगलवार 18 अगस्त को सकुशल गजा वापस पहुंचा। यात्रा से लौटे वरिष्ठ नागरिकों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। यात्रियों ने यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और सुचारु व्यवस्थाओं के लिए पर्यटन विभाग एवं उत्तराखंड सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के माध्यम से उन्हें भगवान जागेश्वर के दर्शन करने का अवसर मिला जो उनके लिए अत्यंत सुखद एवं अविस्मरणीय अनुभव रहा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने कैंची धाम तथा चितई गोलू देवता मंदिर के भी दर्शन किए और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। वरिष्ठ नागरिकों ने यात्रा के अपने अनुभव साझा करते हुए योजना की प्रशंसा की तथा भविष्य में भी इस प्रकार की धार्मिक यात्राओं के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि योजना ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थाटन को सरल सुलभ एवं यादगार बनाया है। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी ने सभी बुजुर्ग यात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित इस योजना का अधिक से अधिक बुजुर्गों को लाभ उठाना चाहिए जिससे वे अपने जीवन में विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति एवं आनंद प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर विजय सिंह रावत कल्याण सिंह बचन सिंह खडवाल विक्रम सिंह नेगी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
