प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में पूल्ड हाउस एवं नॉन-पूल्ड हाउस आवासों की मरम्मत में आ रही कठिनाइयों के निस्तारण तथा मौकरी कूड़ा स्थल के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवासों की मरम्मत आवंटन एवं कूड़ा स्थल से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि टाइप-वन के जितने भी आवास बंद अथवा सील पड़े हैं उनका नियमानुसार लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाए। साथ ही पुनर्वास विभाग की जिन बिल्डिंगों की मरम्मत अथवा ध्वस्तीकरण किया जाना है उनकी सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को रेवेन्यू एवं रेंट से संबंधित सूची भी तैयार करने को कहा। मौकरी कूड़ा स्थल के संबंध में जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल को निर्देश दिए कि सर्वप्रथम स्थल से लिगेसी वेस्ट हटाने की कार्रवाई की जाए। इसके बाद लोक निर्माण विभाग चंबा द्वारा वहां सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंबा को आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में अनावश्यक विलंब न किया जाए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आवासों की मरम्मत एवं आवंटन के साथ-साथ मौकरी कूड़ा स्थल से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
