Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल उत्तराखंड के बिड़ला परिसर स्थित शिक्षा विभाग में बीएड सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए आयोजित स्पॉट काउंसलिंग के प्रथम दिन अभ्यर्थियों में उल्लेखनीय उत्साह देखने को मिला। प्रवेश प्रक्रिया में प्रतिभाग करने के लिए सुबह से ही बिड़ला परिसर में अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की काफी संख्या में उपस्थिति रही। शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार 18 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे तक कुल 230 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें विज्ञान एवं कला वर्ग के अभ्यर्थी शामिल रहे। दोपहर 2 बजे तक के वर्गवार आंकड़ों के अनुसार विज्ञान वर्ग में कुल 112 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। इनमें 82 अनारक्षित 10 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 20 अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल रहे। इसी प्रकार कला वर्ग में कुल 118 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें 65 अनारक्षित 15 अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 38 अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल रहे। बिड़ला परिसर में बीएड प्रवेश के लिए विज्ञान वर्ग के 539 तथा कला वर्ग के 438 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए स्पॉट काउंसलिंग के प्रथम दिन ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की उपस्थिति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.अनिल कुमार नौटियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था एवं बीएड कार्यक्रम की प्रतिष्ठा के कारण अभ्यर्थियों में प्रवेश को लेकर व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि काउंसलिंग प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है ताकि सभी अभ्यर्थियों को नियमानुसार समान अवसर प्राप्त हो। कार्यक्रम संयोजक डॉ.देवेंद्र सिंह ने बताया कि स्पॉट काउंसलिंग के प्रथम दिन दोपहर तक ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि प्राप्त उपस्थिति एवं निर्धारित प्रवेश मानकों के आधार पर सभी श्रेणियों की मेरिट सूची नियमानुसार तैयार की जा रही है तथा प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप संपादित की जा रही है। काउंसलिंग प्रक्रिया के सफल संचालन में प्रो.रमा मैखुरी डॉ.रमेश राणा डॉ.पुनीत वालिया डॉ.अमर जीत सिंह परिहार डॉ.शंकर सिंह परगाई डॉ.सुमन लता तिरूआ डॉ.नागेंद्र कुमार यादव डॉ.अनु राही डॉ.सपना सेन सहित विभाग के समस्त शोधार्थियों ने सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग प्रदान किया। शिक्षा विभाग द्वारा काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन उपस्थिति पंजीकरण मेरिट निर्धारण एवं अन्य प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया। प्रथम दिन की उत्साहपूर्ण भागीदारी से बीएड कार्यक्रम में प्रवेश के प्रति अभ्यर्थियों की बढ़ती रुचि स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *