प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली कनखल पुलिस ने मृतक व्यक्ति का प्रतिरूपण कर उसे जीवित बताकर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उनके जरिए जमीन हड़पने की साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। 14 अगस्त 2026 को शशांक त्यागी पुत्र विरेन्द्र निवासी अवंतिका चिरंजीव विहार थाना कविनगर गाजियाबाद उत्तर प्रदेश ने कोतवाली कनखल में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी आशुतोष विहार जगजीतपुर कनखल हरिद्वार ने अपने साथियों के साथ आपराधिक षड्यंत्र रचकर मृतक विनोद कुमार का प्रतिरूपण किया और उसे जीवित बताकर वादी की भूमि से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। आरोप है कि इन कूटरचित दस्तावेजों को असली के रूप में इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करते हुए भूमि पर कब्जा करने और उसे हड़पने का प्रयास किया गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में मृतक का प्रतिरूपण किए जाने से संबंधित तथ्य की भी पुष्टि हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेश पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन पुलिस उपाधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मामले में ठोस सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम के प्रयासों के फलस्वरूप 17 अगस्त 2026 को मामले में नामजद आरोपी शैलेश गुप्ता को हिरासत में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी: शैलेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी आशुतोष विहार जगजीतपुर कोतवाली कनखल जनपद हरिद्वार। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह हेड कांस्टेबल जसबीर चौहान तथा कांस्टेबल प्रलव चौहान शामिल रहे।
