प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद पुलिस का गैर-जमानती वारंटों की तामील का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोटद्वार और पौड़ी पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन वांछित वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई प्रभावी बनाने तथा न्यायालयों से प्राप्त गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करते हुए वांछित वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के क्रम में कोटद्वार पुलिस टीम ने न्यायालय एसीजेएम कोटद्वार से जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में मारपीट से संबंधित मामले में वांछित राजपाल सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी शिब्बूनगर कोटद्वार और आशा देवी पत्नी राजपाल सिंह निवासी शिब्बूनगर कोटद्वार को गिरफ्तार किया। वहीं कोतवाली पौड़ी पुलिस टीम ने न्यायालय एसीजेएम पौड़ी से जारी वारंट के अनुपालन में शराब पीकर वाहन चलाने से संबंधित मामले में वांछित परविंदर सिंह भंडारी निवासी डांडापानी पौड़ी उम्र 58 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों वारंटियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पौड़ी पुलिस द्वारा न्यायालयों से प्राप्त वारंटों की तामील के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम कोटद्वार में उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा हेड कांस्टेबल गुरमीत तथा महिला होमगार्ड राखी जोशी शामिल रहे। पुलिस टीम पौड़ी में उपनिरीक्षक प्रवीण रावत और कांस्टेबल अनिल बिजलवान शामिल रहे।
