प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने गुरुवार को विकास भवन में जनपद के सभी एडीओ पंचायत एवं ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों की बैठक लेकर भारत सरकार द्वारा संचालित ‘भारतम ज्ञान मिशन’ अभियान की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के तहत प्राचीन ज्ञान परंपरा एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन के लिए जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत संस्थानों मंदिरों धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों तथा व्यक्तियों के पास उपलब्ध प्राचीन ज्ञान से संबंधित दस्तावेजों को डिजिटल रूप में संरक्षित किया जाना है। इसके लिए संबंधित दस्तावेजों की फोटो लेकर उन्हें डिजिटल माध्यम से अपलोड किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्राचीन ज्ञान एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित एवं संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे प्राचीन दस्तावेजों की जानकारी जुटाई जाए और संबंधित व्यक्तियों संस्थानों तथा मंदिर प्रबंधन समितियों को अभियान के संबंध में जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था के पास प्राचीन ज्ञान परंपरा संस्कृति अथवा इतिहास से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध हैं तो सर्वेयर के पहुंचने पर उन्हें उपलब्ध कराने के लिए संबंधित लोगों को प्रेरित किया जाए। सीडीओ ने कहा कि प्राचीन ज्ञान और ऐतिहासिक दस्तावेज हमारी समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके डिजिटाइजेशन से इन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों से अभियान को ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और इसमें लोगों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार अपर जिला पंचायतीराज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
