प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सेवायोजन कार्यालय रुद्रप्रयाग की ओर से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रतूड़ा रुद्रप्रयाग में छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय वृत्तिक परामर्श एवं रोजगार मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में डीएलएड के कुल 61 प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं रोजगार पोर्टलों और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राएं रोजगार पंजीयन रोजगार प्रयाग पोर्टल विदेश रोजगार प्रकोष्ठ प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत स्किल प्रतियोगिता 2026 भाषा प्रशिक्षण तथा मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना का लाभ लेकर अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी ने विशेष रूप से कौशल विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण भी रोजगार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकारी पोर्टलों पर समय रहते पंजीकरण कराने तथा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान कई छात्र-छात्राओं ने भारत स्किल प्रतियोगिता 2026 के लिए मौके पर ही अपना पंजीकरण भी कराया। इस दौरान विद्यार्थियों को रोजगार के विभिन्न अवसरों कौशल प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। डायट प्रशासन ने जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए इसी तरह के रोजगार एवं करियर मार्गदर्शन शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया। इस अवसर पर सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन रावत पुष्कर लाल डायट प्राचार्य विजय कुमार चौधरी प्राध्यापक डॉ.विनोद यादव श्रीमती ममता सहित अन्य मौजूद रहे।
