प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को श्रीकोट एवं भक्तियाना क्षेत्र में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत तथा भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने मुख्य रूप से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और डॉ.धन सिंह रावत को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इन कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की धर्मपत्नी डॉ.दीपा रावत का संरक्षक के रूप में सहयोग प्राप्त हो रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर से प्रदेश में 100 दिन का नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है और इसमें मातृशक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं को आगे आकर युवाओं को नशे से दूर रखने तथा समाज को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं बल्कि विश्वास स्नेह सम्मान और सामाजिक समरसता के अटूट बंधन का प्रतीक भी है। यह पावन पर्व समाज में आपसी प्रेम सौहार्द और आत्मीयता को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने सभी बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके हाथों से राखी भी बंधवाई। उन्होंने ईश्वर से सभी बहनों के जीवन में सुख समृद्धि सम्मान एवं खुशियों की कामना की।
*श्रीनगर में विकास कार्यों को मिलेगी नई गति*
कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में जनता को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में नगर क्षेत्र के सभी हिस्सों को सीवर लाइन तथा गैस पाइप लाइन से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीनगर को 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 850 करोड़ रुपये की मेरिट ड्राइव रोड के लिए धनराशि भी स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की महापौर सहित 10 पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद नगर निगम में भाजपा की संख्या 40 में से 32 पार्षदों तक पहुंच गई है। इससे क्षेत्र के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
*विकास कार्यों के दम पर 2027 में खिलेगा कमल*
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत द्वारा श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों और विभिन्न कार्यक्रमों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों में उत्साह दिखाई दे रहा है, उससे स्पष्ट है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में डॉ. धन सिंह रावत के विकास कार्य ही श्रीनगर विधानसभा में कमल खिलाने का आधार बनेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिला मोर्चा संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेगा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शशि जुयाल श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रमिला भंडारी पूर्व जिला अध्यक्ष सुषमा रावत श्रीनगर महिला मोर्चा अध्यक्ष ललिता नेगी गुड्डी गैरोला सुनीता गैरोला राजेश्वरी रावत पार्वती पटवाल उषा चौधरी आदि ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने डॉ.धन सिंह रावत को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन जिला सोशल मीडिया प्रभारी सीमा भंडारी ने किया।
