प्रदीप कुमार
पथरी-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पथरी पुलिस ने नाबालिग से छेड़खानी एवं दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दीं और 19 अगस्त की रात उसे हिरासत में लिया। 18 अगस्त 2026 को ग्राम नसीरपुर कला थाना पथरी निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़खानी एवं दुष्कर्म के प्रयास के संबंध में थाना पथरी में प्रार्थना पत्र दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष पथरी को आवश्यक निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में थाना पथरी पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र में लगातार दबिशें दीं। पुलिस टीम के अथक प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप 19 अगस्त 2026 की रात्रि आरोपी को हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमान पुत्र मुस्तकीम निवासी ग्राम बादशाहपुर थाना पथरी जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन कांस्टेबल जयपाल चौहान और कांस्टेबल मुकेश चौहान शामिल रहे।
