प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल पहुंचकर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं उपचार की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बताते हुए उपचार और सुविधाओं के बारे में मंत्री को जानकारी दी। डॉ.धन सिंह रावत ने अस्पताल के आईसीयू वार्ड में पहुंचकर त्रिपालीसैंण क्षेत्र की निवासी सुनीता देवी से मुलाकात की। सुनीता देवी को 16 अगस्त को गांव में घास काटते समय जहरीले सांप ने डंस लिया था। परिजनों ने तत्काल उन्हें बेस अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने समय पर उपचार शुरू कर उनकी जान बचाई। मंत्री ने महिला के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। महिला के पति विक्रम सिंह ने बेहतर उपचार मिलने पर चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया। मंत्री ने हाल ही में तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नंदा सती के पिता ब्रह्मानंद सती से भी मुलाकात की। पेट संबंधी परेशानी के चलते उनका ऑपरेशन हुआ है और वर्तमान में सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.धनंजय डोभाल की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। डॉ.रावत ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंत्री ने अस्पताल के अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं उपचार संबंधी जानकारी ली। उन्होंने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वह बेस अस्पताल में स्थापित आंचल कैफे को देखने भी पहुंचे। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत डॉ.सतीश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सर्पदंश पीड़ित महिला के उपचार की लगातार निगरानी की जा रही है। शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। इन कार्यों का सीधा लाभ अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेडिकल कॉलेज में 170 से अधिक कार्य कराए। मेडिकल कॉलेज में उपचार की सुविधाओं के विस्तार अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने का काम जारी है। अस्पताल में विभिन्न स्तरों पर सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को उपचार के लिए अन्य बड़े शहरों की ओर कम जाना पड़े इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। उपचार के साथ अस्पताल परिसर में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि मरीजों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। मंत्री ने कहा कि बेस अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। अस्पताल परिसर में एक पार्किंग का काम शुरू हो चुका है जबकि एक अन्य स्थान पर भी पार्किंग विकसित की जाएगी। इससे अस्पताल आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने में सुविधा मिलेगी और परिसर में अनावश्यक भीड़ एवं अव्यवस्था को कम करने में मदद मिलेगी। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल को लगातार बेहतर सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उनका उद्देश्य है कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में आने वाले गढ़वाल भर के मरीजों के साथ ही तीर्थ यात्रियों को बेहतर उपचार के साथ आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
