Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा को लेकर जिला सभागार में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की विधानसभावार एवं विभागवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन घोषणाओं के संबंध में विलोपन के प्रस्ताव भेजे जाने हैं उन्हें शीघ्र शासन को भेजा जाए। वहीं जिन प्रकरणों में शासनादेश जारी हो चुके हैं उनकी अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने गतिमान कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने सीए भूमि से संबंधित प्रस्तावों में भी तेजी लाने तथा आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर ऐसे प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा ताकि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में किसी प्रकार की देरी न हो। बैठक में विधानसभावार मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में कुल 190 घोषणाओं में से 72 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं जबकि एक घोषणा आंशिक रूप से पूर्ण हुई है और 93 घोषणाएं गतिमान हैं। जिलाधिकारी ने शेष घोषणाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और विभागीय स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे परियोजना निदेशक आनंद सिंह जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *