Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के संस्थान नवाचार परिषद सेल के तत्वावधान में शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मढ़ी चौरास में नवाचार एवं उद्यमिता आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार रचनात्मकता एवं उद्यमिता की भावना विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य में उपलब्ध संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्थान नवाचार परिषद के अध्यक्ष प्रो.गोविंदन ने सभी अतिथियों शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। इसके बाद शिशु मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जय सिंह नेगी ने विश्वविद्यालय के संस्थान नवाचार परिषद सेल द्वारा रसायन विज्ञान विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में डॉ.आशीष बहुगुणा ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं इसके महत्व तथा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचार विकसित करने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ.भास्करन ने भी विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच विकसित करने नए विचारों पर कार्य करने तथा भविष्य में अपने स्वयं के स्टार्टअप एवं उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में नए विचारों और रचनात्मक सोच के माध्यम से विद्यार्थी उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को अपने आसपास की आवश्यकताओं और समस्याओं को समझते हुए नए समाधान विकसित करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही अपने भविष्य को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *