प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत ने शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल पहुंचकर विभिन्न विभागों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के उपचार एवं स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते हुए अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री सबसे पहले नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में पहुंचे जहां उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने गायनी विभाग में भर्ती महिला मरीज का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद डॉ.धन सिंह रावत इमरजेंसी विभाग पहुंचे जहां भर्ती महिला मरीज से मुलाकात कर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों को मरीज को बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एएन पांडेय डिप्टी एमएस डॉ.दीपा हटवाल डॉ.सतीश कुमार तथा गायनी विभाग की एचओडी डॉ.नवज्योति बोरा ने शिक्षा मंत्री को मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार संबंधी जानकारी दी। शिक्षा मंत्री एवं अपने विधायक को अस्पताल में अपने बीच पाकर मरीजों और उनके परिजनों ने खुशी जताई। मरीजों ने डॉ.रावत द्वारा व्यक्तिगत रूप से उनका हालचाल जानने और उपचार की जानकारी लेने पर आभार व्यक्त किया। डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि बेस अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
