प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशन में 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को लेकर संबंधित विभागों द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सप्तसरोवर क्षेत्र में पुराने एआरटीओ कार्यालय से भारत माता मंदिर मार्ग तथा आयरिश पुल के पास धोबी घाट बैरागी कैंप मार्ग पर चल रहे टाइल्स निर्माण एवं सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रथम चरण में कांवड़ यात्रा और भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए राष्ट्रीय राजमार्ग को गड्ढामुक्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में त्वरित गति से कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत एवं टाइल्स निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़क मरम्मत एवं टाइल्स निर्माण कार्य किए जा रहे हैं वहां जल निकासी व्यवस्था में भी सुधार किया जा रहा है। इससे बरसात के दौरान संबंधित क्षेत्रों में होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन कराने तथा सभी सड़क मरम्मत कार्यों को समयबद्ध एवं त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि जनपदवासियों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान एनएचएआई रुड़की के साइट इंजीनियर आकाश सिंह जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
