प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में संस्थान नवाचार परिषद के तत्वावधान में रसायन विज्ञान विभाग के सहयोग से विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शोधार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए नए विचारों को विकसित कर उन्हें व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रो.डीएस नेगी ने नवाचार एवं उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों को विकसित करने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित किया। प्रो.एससी सती ने विद्यार्थियों को नए एवं रचनात्मक विचारों के साथ शोध कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवाचार आधारित शोध समाज की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ.भास्करन ने विश्व उद्यमिता दिवस के महत्व तथा वर्तमान समय में नवाचार और उद्यमिता की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ.विजय कांत एवं डॉ.सुरेंद्र पुरी ने शोधार्थियों को अपने शोध कार्य में नवीन दृष्टिकोण अपनाने तथा नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ.रोहित मगर ने सभी अतिथियों शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को विश्व उद्यमिता दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
