Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नर्सरी के गल्ले का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने की घटना का कोटद्वार पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 50 हजार रुपये की धनराशि भी बरामद की है। 20 अगस्त 2026 को कोटद्वार निवासी संगीता चौधरी ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि रात के समय कोटद्वार में स्थित नर्सरी के गल्ले को किसी अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिया और उसमें रखी नगदी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं हालांकि रात का समय होने के कारण संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहे थे। पुलिस टीम ने उपलब्ध तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। लगातार पतारसी-सुरागरसी सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल दो आरोपियों की पहचान देवांग सकलानी और दीपक सिंह के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मालन नदी के पास से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित 50 हजार रुपये की नगदी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में देवांग सकलानी उम्र 19 वर्ष पुत्र भृगु प्रसाद निवासी मावाकोट कोटद्वार मूल निवासी एकेश्वर पौड़ी तथा दीपक सिंह उम्र 19 वर्ष पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी घमंडपुर कोटद्वार मूल निवासी जहरीखाल पौड़ी गढ़वाल शामिल हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सैय्यदुल बहार उपनिरीक्षक राजाराम डोभाल कांस्टेबल अनिल राणा कांस्टेबल रविन्द्र कांस्टेबल चन्द्रपाल कांस्टेबल अनुज वर्मा और होमगार्ड कुलदीप शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *