Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडे के निर्देश और जिलाधिकारी टिहरी के मार्गदर्शन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा एनालॉग पनीर एवं गैर-दुग्ध उत्पादों के अनधिकृत प्रयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। विशेष अभियान के तहत बद्रीनाथ मार्ग स्थित विभिन्न होटल और रेस्टोरेंटों के किचन एवं स्टोर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य निर्माण में प्रयुक्त दुग्ध पदार्थों के वास्तविक स्रोत अन्य कच्चे माल की खरीद और उसके बिल निर्माण प्रक्रिया में प्रयुक्त सामग्री उत्पादों की लेबलिंग एवं पैकेजिंग बैच नंबर निर्माण तिथि तथा आवश्यक घोषणाओं की जांच की गई। साथ ही किचन में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अलोहा रोजैट और होटल ताज सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के किचन एवं स्टोर में खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति की जांच की गई। अधिकारियों ने एफआईएफओ प्रणाली के अनुपालन खाद्य निर्माण में प्रयुक्त पानी की जांच रिपोर्ट तथा किचन में कार्यरत कर्मचारियों के चिकित्सीय परीक्षण से संबंधित अभिलेख भी देखे। प्रतिष्ठान संचालकों को किचन में स्वच्छता बनाए रखने और एफआईएफओ प्रणाली का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान दाल आटा पोहा सब्जी चीनी मैदा और बेकरी उत्पाद सहित कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष अभियान का नेतृत्व उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत ने किया। अभियान में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद टिहरी प्रमोद रावत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *