प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी रक्षा बंधन त्यौहार के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार के अभिहित अधिकारी/सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों डेयरियों एवं मिष्ठान विक्रेताओं का औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मिठाई विक्रेताओं ढाबों एवं निर्माण इकाइयों का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की गई। मौके पर खुले मावे एवं खुली मिठाई घेवर सहित कुल दो विधिक नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए। एक मिष्ठान विक्रेता को निर्माण स्थल एवं संग्रह स्थल पर मिठाइयों को अखबार से ढकने के कारण तथा एक अन्य मिष्ठान विक्रेता को पंजीकरण का नियत समयावधि में नवीनीकरण नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया। कार्रवाई के दौरान अन्य मिष्ठान एवं खाद्य कारोबारियों द्वारा अपनी दुकानें बंद करने के कारण कार्रवाई संभव नहीं हो सकी। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने कनखल स्थित एक डेयरी से मिलावट के संदेह के आधार पर पनीर के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए जिनमें एक खुला पनीर तथा पंचगांव ब्रांड के हरियाणा स्थित निर्माता द्वारा निर्मित पैकेट पनीर का नमूना लिया गया। एक ग्राहक की शिकायत पर जगजीतपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में बिना खाद्य पंजीकरण एवं अस्वच्छकारी तथा अस्वास्थ्यकारी दशाओं में खाद्य व्यवसाय संचालित करने पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त भूपतवाला बाग स्थित एक निर्माण इकाई को बिना खाद्य पंजीकरण के खाद्य सामग्री का निर्माण करने पर चालानी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने उक्त रेस्टोरेंट एवं विनिर्माण इकाई को खाद्य पंजीकरण प्राप्त करने तक समस्त खाद्य व्यवसाय बंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन एवं जन्माष्टमी त्योहार तक अभियान निरंतर जारी रहेगा।
