Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार स्थानीय खिलाड़ियों को रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शनिवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रदान किए गए। रोटरी क्लब द्वारा सम्मानित खिलाड़ियों में मास्टर एथलीट सब्बल सिंह मैराथन धाविका मीना कंडारी राष्ट्रीय स्तर की आर्म रेसलर आकृति कंडारी तथा तीरंदाजी में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं की विजेता सनाया भंडारी (माही) शामिल हैं। सब्बल सिंह को कठिन मानी जाने वाली 42 किलोमीटर की आदि कैलाश परिक्रमा प्रतियोगिता जीतने तथा लंबी दूरी की अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं मीना कंडारी को 42 किलोमीटर की नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन मैराथन तथा 21 किलोमीटर की कसार फेस्ट रन मैराथन में विजेता रहने पर यह सम्मान प्रदान किया गया। आर्म रेसलिंग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करने वाली आकृति कंडारी को भी रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड से सम्मानित किया गया। उनकी ओर से मेडल एवं प्रशस्ति पत्र उनके पिता एवं भाजपा नेता वासुदेव कंडारी ने प्राप्त किया। तीरंदाजी के स्कूल वर्ग में विभिन्न राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाली सनाया भंडारी (माही) को भी रोटरी स्पोर्ट्स स्टार अवार्ड प्रदान किया गया। उनकी ओर से मेडल एवं प्रशस्ति पत्र उनकी माता एवं श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी तथा पिता लखपत भंडारी ने प्राप्त किया। इसके बाद रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल द्वारा आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयी बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के 200 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के डीन रिक्रूटमेंट एवं प्रमोशन प्रो.मोहन पंवार ने किया। उन्होंने रोटरी क्लब की सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ अनुशासन आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सहायक खेल निदेशक मोहित बिष्ट रोटरी क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढौडियाल क्लब सचिव रोटेरियन डॉ.हरीश भट्ट कोषाध्यक्ष रोटेरियन डॉ. राजेंद्र भंडारी रोटेरियन बृजेश भट्ट रोटेरियन एसपी घिल्डियाल रोटेरियन अनूप घिल्डियाल रोटेरियन केबी थपलियाल रोटेरियन प्रो.मोनिका गुप्ता रोटेरियन मनीष कोठियाल रोटेरियन आशीष सुन्द्रियाल रोटेरियन सीताराम बहुगुणा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी अभिभावक एवं खेल अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रतियोगिता समन्वयक रोटेरियन संदीप रावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *