प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस से गांजा तस्करी का खुलासा किया है। श्रीनगर पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान एक इको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया जिसकी कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को भी सीज कर दिया है। अब पुलिस गांजे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने नशा तस्करों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने तथा नशीले पदार्थों की बिक्री आपूर्ति परिवहन एवं वितरण से जुड़ी प्रत्येक कड़ी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए हैं। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में 23 अगस्त 2026 को तड़के श्रीनगर पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। आवास विकास ग्राउंड श्रीनगर के समीप वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने वाहन संख्या यूके-14-पीए-0539 इको एंबुलेंस को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट निवासी चौरास जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को भी सीज किया है। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में उक्त एंबुलेंस का संचालन करता है। वह अपने एक अन्य सहयोगी के साथ एंबुलेंस से जनपद रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजे के कट्टे लेकर श्रीनगर आ रहा था। उसके अनुसार गांजा रुद्रप्रयाग से कम कीमत पर खरीदकर श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। अभियुक्त ने यह भी बताया कि वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहा है और इस काम के बदले उसे आर्थिक लाभ मिलता था। पुलिस द्वारा अभियुक्त से मिली जानकारी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस गांजे की आपूर्ति से जुड़े अन्य व्यक्तियों और पूरी सप्लाई चेन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रविन्द्र सिंह बिष्ट उम्र 45 वर्ष पुत्र स्वर्गीय कृपाल सिंह निवासी चौरास थाना कीर्तिनगर जनपद टिहरी गढ़वाल हाल निवासी श्रीनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 45 लाख रुपये कीमत का 90 किलोग्राम गांजा और यूके-14-पीए-0539 इको एंबुलेंस बरामद की है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2015 में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज तिवाड़ी उपनिरीक्षक विजय शैलानी हेड कांस्टेबल दिनेश चौधरी हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह कांस्टेबल महावीर सिंह और कांस्टेबल प्रवीण पुरी शामिल रहे।
