प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। एसएसपी श्वेता चौबे की पहल पर टिहरी पुलिस द्वारा गांव-गांव पहुंचकर साइबर अपराध महिला अपराध और नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अगस्त 2026 को कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने ग्राम लग्वाल गांव पट्टी छैज्यूला के पंचायत भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं युवाओं और ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा महिला सुरक्षा तथा नशा मुक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। एसएसपी टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ग्राम लग्वाल गांव पहुंची। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान पंचायत सदस्य महिलाएं युवा और ग्रामीण शामिल हुए। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी पिन या सीवीवी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और फर्जी केवाईसी या बैंक कॉल के माध्यम से होने वाली ठगी से सावधान रहें। पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा साइबर अपराध की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला सुरक्षा घरेलू हिंसा और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने महिलाओं से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। वहीं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से नशे की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। टिहरी पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध महिला अपराध अथवा नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जानी चाहिए। पुलिस ने कहा कि जनसहयोग से ही सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
