प्रदीप कुमार
चंबा-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों विशेषकर मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री में मिलावट की रोकथाम तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने और मिलावटखोरी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पूर्ति विभाग पुलिस विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने चंबा बाजार में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों मिठाई की दुकानों डेयरी एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता स्वच्छता रख-रखाव एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई और कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। संग्रहित नमूनों में मिठाई के चार अनाज उत्पाद के तीन दही का एक तथा अन्य खाद्य पदार्थों के दो नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह का अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में मूल्य सूची चस्पा करने के साथ ही स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से उपभोक्ताओं से भी मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता स्वच्छता और पैकेजिंग की जानकारी पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है। इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन टिहरी की ओर से दो होटलों में कालातीत खाद्य सामग्री पाए जाने के संबंध में न्याय निर्णयन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के न्यायालय में वाद दायर किया गया है। संयुक्त निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा आपूर्ति निरीक्षक रवि राणा तथा पुलिस विभाग से कांस्टेबल सतीश एवं सहायक श्रीचंद शामिल रहे।
