प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार गोपेश्वर में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में खान मंत्रालय भारत सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीलामी प्रक्रिया की वर्तमान प्रगति सफल क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि खान मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जनपद चमोली के कर्णप्रयाग एवं पोखरी क्षेत्रों को महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया के लिए चिन्हित किया गया है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण राज्य इकाई देहरादून द्वारा इन क्षेत्रों का अन्वेषण किया गया है। अन्वेषण के दौरान इन क्षेत्रों में तांबा सीसा और जस्ता के भंडार पाए गए हैं। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित खनिज क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण के लिए राजस्व वन सिंचाई भूतत्व एवं खनिकर्म आपदा प्रबंधन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल करते हुए संयुक्त समिति का गठन किया गया है। उन्होंने समिति के अधिकारियों को प्रस्तावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द अपनी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि खनिज ब्लॉकों की नीलामी से संबंधित अग्रिम कार्रवाई निर्धारित समय में पूरी की जा सके। बैठक में जिला खान अधिकारी अंकित चंद जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी उप प्रभागीय वनाधिकारी जुगल किशोर सहायक अभियंता सिंचाई विभाग सुरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
