प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। ग्राम सुनारगांव पट्टी आरगढ़ स्थित श्री नागराज मंदिर में हुई चोरी का टिहरी पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो पीतल की घंटियां और पांच हजार रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। घटना चार अगस्त 2026 की रात की है। अज्ञात चोरों ने श्री नागराज मंदिर और दानपात्र का ताला तोड़कर दो पीतल की घंटियां और करीब छह हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। घटना के संबंध में 21 अगस्त को ग्राम सुनारगांव पट्टी आरगढ़ निवासी सरला देवी ने थाना घनसाली में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने अपराध गोष्ठी के दौरान जनपद में हुई चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी घटनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा करने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के क्रम में घनसाली पुलिस ने मंदिर चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी टिहरी के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों बाहरी मजदूरों और किरायेदारों से पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद 23 अगस्त को घटना में संलिप्त आरोपी टेक बहादुर पुत्र पुनरे बहादुर निवासी वार्ड नंबर आठ पीपलकोट थाना राखम जिला दैलेख नेपाल उम्र करीब 40 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो पीतल की घंटियां और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए। गिरफ्तार आरोपी को 24 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना घनसाली से उपनिरीक्षक संजीत कुमार अपर उपनिरीक्षक शशिकांत और कांस्टेबल सचिन तथा सीआईयू शाखा से अशोक कुमार नीरज शुक्ला और आशीष नेगी शामिल रहे।
