Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में बच्चों युवाओं और आमजन को अपराध नशे तथा साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के लिए चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और समाजसेवी इंदु नौटियाल ने श्री पृथ्वी विद्या मंदिर झंडी चौड़ कोटद्वार में छात्र-छात्राओं के साथ जागरूकता गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान बच्चों को मानव तस्करी भिक्षावृत्ति वेश्यावृत्ति बाल शोषण पॉक्सो कानून और साइबर अपराधों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बच्चों को विशेष रूप से बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री के खतरों के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि बच्चों से संबंधित अश्लील शोषणकारी या आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री का निर्माण संग्रहण डाउनलोड प्रसारण अथवा साझा करना गंभीर और दंडनीय अपराध है। ऐसी गतिविधियों की तकनीकी माध्यमों से निगरानी की जाती है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाती है। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को ऐसी किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को डाउनलोड न करने मोबाइल या अन्य उपकरणों में सुरक्षित न रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या किसी ग्रुप में साझा न करने की सलाह दी। बच्चों को बताया गया कि यदि उन्हें ऐसी कोई सामग्री दिखाई देती है तो उसे आगे प्रसारित किए बिना तत्काल अपने अभिभावकों शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दें। जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी समझाया गया। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की असहज स्थिति अनुचित व्यवहार या शोषण की घटना को छिपाने के बजाय तत्काल माता-पिता शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को बताना चाहिए। बच्चों को यह संदेश भी दिया गया कि किसी गलत व्यवहार या परेशानी की स्थिति में डरने के बजाय उसके बारे में बताना जरूरी है। इसके साथ ही बच्चों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों ऑनलाइन ठगी साइबर बुलिंग नशे के दुष्परिणाम और गलत संगति से बचने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सतर्क रहने तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पुलिस आपातकालीन सहायता नंबर 112 चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने बच्चों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी होने पर बिना डर या संकोच के संबंधित लोगों अथवा पुलिस को सूचित करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *