Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला निरीक्षण समिति ने बुधवार को जनपद में संचालित बाल देखरेख संस्थाओं का त्रैमासिक निरीक्षण किया। समिति ने राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर गड़ोली तथा राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण का निरीक्षण कर बच्चों की सुरक्षा स्वास्थ्य भोजन स्वच्छता शिक्षा खेलकूद मनोरंजन और समुचित देखभाल के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर गड़ोली के निरीक्षण के दौरान संस्थान में पांच विधि-विवादित किशोर निवासरत पाए गए। समिति के सदस्यों ने किशोरों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इसके साथ ही सुरक्षा स्वास्थ्य भोजन स्वच्छता शिक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। क्रीड़ा कक्ष में टेबल टेनिस टेबल उपलब्ध पाई गई। समिति ने बच्चों को नियमित रूप से खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। मनोरंजन कक्ष और पुस्तकालय के निरीक्षण के दौरान कक्षा छह से 12 तक की पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध पाई गईं। समिति ने बच्चों को अध्ययन एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए पुस्तकों और अन्य उपलब्ध संसाधनों का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। समिति ने भवन और परिसर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान भवन के आवश्यक सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्य कराने का सुझाव दिया गया। समिति सचिव एवं जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद भवन के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक मरम्मत संबंधी कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। बच्चों से बातचीत के दौरान समिति ने भोजन को लेकर उनकी पसंद और रुचि की जानकारी ली। समिति ने निर्देश दिए कि बच्चों की पसंद आवश्यकता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भोजन की व्यवस्था की जाए। साथ ही खाना बनाने में रुचि रखने वाले बच्चों को उचित मार्गदर्शन और निगरानी में भोजन तैयार करने का अवसर देने को कहा गया ताकि उनमें आत्मनिर्भरता सहभागिता और सकारात्मक जीवन-कौशल का विकास हो सके। इसके बाद समिति ने राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संस्थान में कोई बच्चा निवासरत नहीं पाया गया। समिति ने संस्थान में साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बच्चों के लिए स्वच्छ सुरक्षित स्वस्थ और बाल-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के साथ ही दैनिक स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान डॉ.आशीष गुसाईं और डॉ.पुनीत भट्ट ने संस्थान में उपलब्ध प्राथमिक उपचार किट का परीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता और उपयोगिता का जायजा लिया तथा आवश्यक सामग्री की स्थिति की जांच की। जिला निरीक्षण समिति ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाल देखरेख संस्थाओं में प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा सम्मान स्वास्थ्य शिक्षा और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बच्चों की आवश्यकताओं और समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझते हुए उनके सर्वोत्तम हित में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अरुण खुगसाल बाल कल्याण समिति की सदस्य गंगोत्री नेगी एवं सुनीता भट्ट तथा संरक्षण अधिकारी सागर लिंगवाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *