प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों थाना प्रभारियों एवं संबंधित शाखा प्रभारियों के साथ प्रगति पोर्टल की समीक्षा बैठक की। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई जिसमें साइबर अपराधों की रोकथाम तथा साइबर ठगी में प्रयुक्त संसाधनों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराध हॉटस्पॉट का विश्लेषण कर उनकी पहचान की जाए और ऐसे क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने साइबर अपराधों एवं वित्तीय धोखाधड़ी को रोकने के लिए म्यूल अकाउंट साइबर अपराध हॉटस्पॉट संदिग्ध सिम चेक से निकासी एटीएम धोखाधड़ी तथा साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि संदिग्ध बैंक खातों मोबाइल नंबरों सिम कार्ड तथा अन्य डिजिटल संसाधनों की प्रभावी निगरानी की जाए। साइबर अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही थाना स्तर पर सतर्कता बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। बैठक में बताया गया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में अब तक साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए 80 सिम कार्ड और 87 आईएमईआई नंबरों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। एसएसपी ने साइबर अपराधियों द्वारा आम लोगों अथवा निष्क्रिय बैंक खातों का मनी म्यूल के रूप में किए जा रहे इस्तेमाल पर भी सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों एवं मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराध की रोकथाम के लिए थाना स्तर पर समन्वय और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने को कहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साइबर अपराध पर प्रभावी लगाम लगाने के लिए जनपद पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जाएगा और साइबर ठगी में संलिप्त अपराधियों के साथ-साथ ठगी में प्रयुक्त डिजिटल संसाधनों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
