Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। देहरादून में 27 अगस्त 2026 को महानगर कार्यालय में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में कलश वंदन कार्यक्रम के तहत महानगर के विभिन्न मंडलों के लिए कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने सभी मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समय-समय पर देश के महापुरुषों और गुरुओं का सम्मान करती रही है। इस वर्ष संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। इसी क्रम में 29 जुलाई को राष्ट्रीय स्तर पर कलश वंदन एवं वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके बाद जिलों के प्रत्येक मंडल में कलश वितरण किया जाना है। उन्होंने बताया कि आज वितरित किए गए कलश महानगर के प्रत्येक मंडल में ले जाए जाएंगे और संबंधित मंडलों के क्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के मंदिरों में स्थापित किए जाएंगे। वहां इनका स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी को संत रविदास महाराज के सामाजिक समरसता भक्ति और जीवन दर्शन के बारे में चर्चा करनी चाहिए तथा समाज में समरसता एवं समानता स्थापित करने के उनके संकल्प को आत्मसात कर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री खजानदास ने सभी कार्यकर्ताओं एवं अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप भारतीय जनता पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को समरसता के रूप में स्थापित करने का कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन मानव समानता प्रेम भक्ति श्रम सेवा और सामाजिक सद्भाव पर आधारित था। संत रविदास जी ने जाति-पाति तथा ऊंच-नीच के भेदभाव का विरोध किया। उन्होंने कहा कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति से नहीं बल्कि उसके कर्म और आचरण से होती है। उनकी बेगमपुरा की कल्पना ऐसे आदर्श समाज की थी जहां दुख भेदभाव भय और अन्याय न हो तथा सभी लोग सम्मान और स्वतंत्रता के साथ जीवन जी सकें। कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ एवं महापौर सौरभ थपलियाल ने भी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज समाज को नई चेतना देने वाले महान संत थे। उनके जीवन और विचारों को सदैव याद रखा जाना चाहिए। इस अवसर पर महानगर महामंत्री संदीप मुखर्जी कार्यक्रम संयोजक ओम कक्कड़ सुनील शर्मा विनोद शर्मा कुलदीप पंत सुरेंद्र घेल मोतीराम महेश गुप्ता पूनम शर्मा अंकुर जैन रजत अग्रवाल सहित सभी मंडल अध्यक्ष कार्यकर्ता एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *