Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई दुकानों निर्माण इकाइयों और रेस्टोरेंटों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखी गई लगभग 160 किलो मिठाई मौके पर नष्ट कराई गई जबकि बिना फूड लाइसेंस संचालित इकाइयों के खिलाफ नोटिस जारी करने सहित कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड देहरादून विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में 27 अगस्त को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने अभियान चलाया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने नगर निगम हरिद्वार के रानीपुर एवं लोधामंडी ज्वालापुर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। लोधामंडी ज्वालापुर स्थित मिठाई सप्लायर आरोड़ स्वीट्स एवं ट्रेडर्स में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे लगभग 80 किलो खुले रसगुल्ले मौके से हटाकर नष्ट कराए गए। इसके साथ ही मोहाली पंजाब की मिठाई निर्माता कंपनी को लेबल संबंधी प्रावधानों का पालन नहीं करने पर नोटिस दिया गया। लोधामंडी में ही स्थित एक इलायची दाना निर्माण इकाई को बिना फूड लाइसेंस के कारोबार करते पाए जाने पर अग्रिम आदेश तक बंद कराया गया। यहां से मिठाई के चार और इलायची दाना का एक कुल पांच नमूने जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने ढंढेरा एवं मंगलौर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों और दुकानों का निरीक्षण किया। मूलचंद स्वीट्स मंगलौर में अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे लगभग 80 किलो खुले गुलाब जामुन को मौके से हटाकर नष्ट कराया गया। बिना फूड लाइसेंस कारोबार करने पर ढंढेरा स्थित दो मिठाई दुकानों को नोटिस जारी किए गए। इस दौरान मिठाई के पांच नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने लक्सर स्थित मिठाई निर्माण इकाइयों एवं दुकानों का निरीक्षण किया। रक्षाबंधन पर्व पर बिकने वाली मिठाइयों के चार नमूने लिए गए जिनमें घेवर के दो सफेद रसगुल्ले का एक और मावे का एक नमूना शामिल है। बालावाली तिराहा स्थित आजाद स्वीट में मिठाई निर्माण स्थल पर गंदगी पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया तथा सफाई कराने के बाद ही मिठाई निर्माण करने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय ने रुड़की शहर की मिठाई निर्माण इकाइयों दुकानों एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। कैफे कॉफी डे रेस्टोरेंट रुड़की में निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। यहां से गुलाब जामुन घेवर चॉकलेट और एनर्जी ड्रिंक का एक-एक कुल चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। इस प्रकार जनपद हरिद्वार में विभिन्न स्थानों से कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *