प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने गुरुवार को विधानसभा खानपुर के चार मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मतदेय स्थल संख्या 36 राजकीय प्राथमिक विद्यालय भारूवाला 71 राजकीय प्राथमिक विद्यालय शेखपुरी 114 राजकीय प्राथमिक विद्यालय जबरदस्तपुर तथा 172 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ढंडेरा का भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने एईआरओ और बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता किसी भी दशा में मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाताओं के नाम में त्रुटि पते में बदलाव मतदाता की मृत्यु अथवा स्थान परिवर्तन जैसे मामलों का सत्यापन संबंधित क्षेत्र के लिए नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों के सहयोग से किया जाए। संबंधित मतदाताओं की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी सावधानी से सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र व्यक्ति का नाम सूची से हटने और अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल होने की स्थिति न बने। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीएलओ को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर शेष मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने और विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सजगता के साथ बूथ लेवल अधिकारियों का सहयोग करें और मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी तहसीलदार दीवान सिंह राणा संबंधित एईआरओ बीएलओ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
