प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सक्रिय एवं आदतन अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने जुए की खाई-बाड़ी तथा अन्य अवैध गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहने वाले एक आदतन अपराधी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर कोतवाली कोटद्वार पुलिस द्वारा मानपुर निवासी बेताल सिंह के विरुद्ध गुंडा अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी पौड़ी को विस्तृत रिपोर्ट भेजी गई थी। रिपोर्ट पर विचार करने के बाद जिलाधिकारी द्वारा बेताल सिंह को जनपद पौड़ी गढ़वाल की सीमा से छह माह की अवधि के लिए जिला बदर किए जाने के आदेश जारी किए गए। जारी आदेशों के अनुपालन में 27 अगस्त 2026 को कोटद्वार पुलिस ने बेताल सिंह को जनपद की सीमा से बाहर भेज दिया। पुलिस ने उसे स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित छह माह की अवधि के दौरान यदि वह दोबारा जनपद की सीमा में प्रवेश करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार बेताल सिंह लंबे समय से जुए की खाई-बाड़ी सहित अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 से वर्ष 2026 तक जुआ अधिनियम सहित अन्य मामलों में कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
