Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टिहरी जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान जारी है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुनि की रेती और तपोवन बाजार के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों मिठाई की दुकानों डेयरी और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता साफ-सफाई रख-रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया गया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 8 नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि टीम ने गुलाब जामुन रसगुल्ला बर्फी और घेवर के 4 पनीर के 2 तथा दही के 2 नमूने लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना निर्धारित मानकों पर असफल पाया जाता है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत छोटे-बड़े सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर समान रूप से निगरानी रखी जा रही है। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में मूल्य सूची चस्पा करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखने तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि त्योहारी सीजन में खाद्य सामग्री और मिठाइयां खरीदते समय उनकी गुणवत्ता स्वच्छता तथा प्रतिष्ठान की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्रनगर बलवंत चौहान सहित विभागीय टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *