Spread the love

प्रदीप कुमार
मंगलौर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में टिकोला रजवाहे में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार मृतक और दोनों आरोपित आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद था। 23 अगस्त 2026 को कोतवाली मंगलौर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम टिकोला के रजवाहे में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए। बाद में मृतक की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल निवासी ग्राम टिकोला कोतवाली मंगलौर हरिद्वार के रूप में हुई। मृतक के भाई अमित कुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर रितिक और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुराग जुटाने के साथ ही मैनुअल तरीके से जानकारी एकत्र की और स्थानीय मुखबिरों से भी जानकारी हासिल की। जांच में नामजद आरोपितों की संलिप्तता प्रथम दृष्टया सामने आने के बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने 27 अगस्त को मामले में नामजद रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा थाना देवबंद सहारनपुर उत्तर प्रदेश और दीपक पंवार पुत्र सुरेश निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा थाना देवबंद सहारनपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक कपिल और रितिक व दीपक आपस में दोस्त थे। उनके बीच पैसों का लेनदेन भी था। पुलिस के अनुसार कपिल ने रितिक और दीपक से 15 हजार रुपये उधार लिए थे तथा 700 रुपये के कपड़े भी खरीदे थे। घटना वाले दिन दोनों आरोपितों ने योजना के तहत कपिल को बुलाया और टिकोला पुलिया पर उसके साथ शराब पी। शराब पीने के दौरान कपिल ने अपना मोबाइल फोन निकालकर रितिक और दीपक की वीडियो बनाने की बात कही जिससे दोनों नाराज हो गए। इसी बात को लेकर हुए विवाद में दोनों ने कपिल की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को पानी के रजवाहे में डाल दिया और मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान उपनिरीक्षक कमलकांत रतूड़ी कांस्टेबल रणवीर सुधीर पंकज केडी राणा मोहम्मद आमिर और चालक कांस्टेबल लाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *