Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग का कंट्रोल रूम पूर्व की भांति 24 घंटे सक्रिय रहेगा। कंट्रोल रूम से पूरे यात्रा मार्ग की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी। जिला आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौसम यात्रा मार्ग और अन्य परिस्थितियों पर लगातार नजर रखेगी। आवश्यकता के अनुसार यात्रा मार्ग पर स्थापित उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति मार्ग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों और आवश्यक सावधानियों के बारे में समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे कंट्रोल रूम से यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग को कुल 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इनमें सात सेक्टर पैदल यात्रा मार्ग पर हैं। सभी सेक्टरों में तैनात टीमें आपसी समन्वय और सामंजस्य के साथ कार्य करेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं तक त्वरित सहायता और राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने बताया कि पैदल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए जिला आपदा राहत बल राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल युवा मित्र राहत बल खच्चर कार्यबल तथा आपदा मित्रों की टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखेंगी और आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *