प्रदीप कुमार
मुनिकीरेती-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मुनिकीरेती में पुलिस ने लूट की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 12,500 रुपये की नकदी और टेक्नो स्पार्क कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, दो आरोपियों के पास से एक-एक चाकू भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में से अमन प्रसाद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। घटना के अनुसार 31 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे स्वामीनारायण आश्रम के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने हरेन्द्र सिंह भंडारी पुत्र रणजीत सिंह भंडारी निवासी नंदा नगर नंदप्रयाग चमोली और हाल निवासी गली नंबर 13, शीशम झाड़ी मुनिकीरेती के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों ने उनसे 14,000 रुपये की नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में पीड़ित ने 1 सितंबर 2026 को थाना मुनिकीरेती में लिखित सूचना दी थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर को सौंपी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी और क्षेत्राधिकारी नरेन्द्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर घटना का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने वादी से गहन पूछताछ करने के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सीसीटीवी फुटेज सुरागरसी और पतारसी के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई। लगातार किए गए प्रयासों के बाद 2 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने खारा स्रोत पुल के पास से अमन प्रसाद और अंकित को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से पीड़ित से लूटी गई धनराशि में से कुल 12,500 रुपये और टेक्नो स्पार्क मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार अमन प्रसाद के कब्जे से 5,000 रुपये नकद और एक चाकू अंकित के कब्जे से 4,000 रुपये नकद और एक चाकू तथा विधि विवादित किशोर के कब्जे से 3,500 रुपये नकद और पीड़ित का टेक्नो स्पार्क मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मामले में संबंधित कानूनी कार्रवाई की गई है तथा चाकू रखने के संबंध में भी अलग से कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अमन प्रसाद पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास में रायवाला लक्ष्मणझूला और मुनिकीरेती थानों से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार अमन प्रसाद पुत्र पंकज प्रसाद निवासी गली नंबर 10/02 चन्द्रेश्वर नगर चंद्रभागा ऋषिकेश देहरादून उम्र करीब 20 वर्ष और अंकित पुत्र नरेश निवासी गली नंबर 4 मेट्रो आइसक्रीम फैक्ट्री शीशम झाड़ी मुनिकीरेती टिहरी गढ़वाल उम्र करीब 19 वर्ष हैं। इनके साथ एक नाबालिग किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है जबकि विधि विवादित किशोर के संबंध में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। लूट की घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पाण्डेय उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी भद्रकाली राजेन्द्र सिंह रावत महिला उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी जानकीपुल पिंकी तोमर हेड कांस्टेबल 132 सुरेंद्र पाल कांस्टेबल 134 कपिल देव कांस्टेबल 01 नीरज और कांस्टेबल सिंगराज शामिल रहे।
